नशा मुक्त भारत का संदेश, खेल मंत्री मांडविया ने ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ में दिलाई शपथ

नई दिल्ली, 9 अगस्त (आईएएनएस): केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने रविवार को गुजरात के हनोल से ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ के 85वें संस्करण का नेतृत्व किया। इस कार्यक्रम की थीम ‘नशा मुक्त भारत’ रही और प्रतिभागियों ने ‘फिटनेस को हां, नशे को ना’ का संदेश देते हुए नशे से दूर रहने की सामूहिक शपथ ली।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आयोजित इस पहल में देश के युवाओं को नशे के खिलाफ अभियान के केंद्र में रखा गया। प्रतिभागियों ने नशीले पदार्थों से दूर रहने और स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

डॉ. मांडविया ने ‘संडे ऑन साइकिल’ को जन आंदोलन बताते हुए कहा, “मुझे खुशी है कि यह पहल प्रधानमंत्री के फिट इंडिया मूवमेंट को आगे बढ़ाने वाला एक बड़ा आंदोलन बन गई है। देशभर में 10,000 से अधिक स्थानों पर युवाओं ने साइकिलिंग के माध्यम से यह संदेश दिया है।”

दिसंबर 2024 में मांडविया द्वारा शुरू की गई ‘संडे ऑन साइकिल’ पहल में अब तक देशभर में 30 लाख से अधिक लोग हिस्सा ले चुके हैं।

दिल्ली में इसका प्रमुख आयोजन मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में हुआ। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सामूहिक ‘नशा मुक्त भारत’ शपथ रही, जिसमें 1,000 से अधिक प्रतिभागियों ने नशामुक्त जीवन जीने और अपने परिवार, दोस्तों तथा समुदाय को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

रविवार सुबह तड़के ही फिटनेस गतिविधियां शुरू हो गई थीं। सुबह 5:30 बजे तक 1,000 से अधिक लोग आयोजन स्थल पर पहुंच चुके थे। उन्होंने योग और जुंबा समेत विभिन्न फिटनेस गतिविधियों में हिस्सा लिया। इसके बाद प्रतिभागियों ने इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के आसपास 5 किलोमीटर की साइकिल राइड पूरी की।

आयोजन स्थल पर कैरम, शतरंज, लूडो और बैडमिंटन जैसी गतिविधियों के लिए एक विशेष गेम जोन भी बनाया गया था। इसके अलावा रस्साकशी और बाधा दौड़ जैसी फिटनेस गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

कार्यक्रम में अभिनेता और मॉडल सिद्धार्थ निगम, अंतरराष्ट्रीय स्क्वैश खिलाड़ी एवं जूनियर नेशनल चैंपियन गुरवीर सिंह, आईआरएस अधिकारी और फिट इंडिया एंबेसडर नरेंद्र कुमार तथा फिट इंडिया चैंपियन और मशहूर जुंबा प्रशिक्षक मीनल पाठक विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।

साइकिल राइड पूरी करने के बाद अभिनेता और जिम्नास्ट सिद्धार्थ निगम ने कहा कि सुबह 5 बजे दिल्ली के लोगों को इतने उत्साह के साथ साइकिल चलाते देखना शानदार अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि ‘नशा मुक्त भारत’ की थीम लोगों को हानिकारक लत की जगह फिटनेस, मेहनत और अपने लक्ष्यों को हासिल करने की आदत अपनाने का मजबूत संदेश देती है।

उन्होंने कहा, “एक खिलाड़ी के रूप में जिम्नास्टिक ने मुझे सिखाया कि बेहतर इंसान बनने के लिए अनुशासन जरूरी है। मैं सभी से नशे, सिगरेट और शराब से दूर रहने, अपने शरीर का ध्यान रखने और रोज कम से कम 30 मिनट फिटनेस के लिए देने की अपील करता हूं। फिटनेस का डोज, आधे घंटे रोज।”

गुरवीर सिंह ने भी पहल की सराहना करते हुए कहा कि फिट इंडिया और नशा मुक्त भारत युवाओं को फिटनेस की ओर प्रेरित करने तथा नशे से दूर रखने की बेहतरीन पहल हैं। उन्होंने सभी से रोज कम से कम 30 मिनट शारीरिक गतिविधि के लिए देने की अपील की।

गुरवीर ने राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि 39 पदक जीतना बेहद सराहनीय है और भारतीय खिलाड़ियों ने देश को गौरवान्वित किया है।

‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (सीएफआई), राहगीरी फाउंडेशन और एमवाई भारत के सहयोग से किया।

यह साइकिलिंग अभियान सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में एक साथ आयोजित किया जाता है। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के क्षेत्रीय केंद्रों, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों (NCOEs), SAI प्रशिक्षण केंद्रों (STCs), खेलो इंडिया राज्य उत्कृष्टता केंद्रों (KISCEs), खेलो इंडिया केंद्रों (KICs) और हजारों नमो फिट इंडिया क्लबों में भी साइकिलिंग के आयोजन किए गए।

Leave a Reply