कई राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट, आईएमडी ने जारी की रेड और ऑरेंज चेतावनी

नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस): भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को देश के कई राज्यों के लिए अगले दो से तीन घंटों के दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने, तेज हवाओं और भारी वर्षा की आशंका को लेकर जिला-वार ‘नाउकास्ट’ चेतावनी जारी की है।

आईएमडी ने पंजाब के पटियाला जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। यहां गरज-चमक के साथ आंधी, लगभग 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और प्रति घंटे 15 मिमी से अधिक वर्षा होने की संभावना जताई गई है। लोगों को घरों के भीतर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा कई राज्यों के विभिन्न जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आंधी, 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और प्रति घंटे 5 से 15 मिमी या उससे अधिक वर्षा होने की संभावना है।

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना, संगरूर और एसएएस नगर; उत्तर प्रदेश के अमेठी, अयोध्या, बाराबंकी, फतेहपुर, हरदोई, कानपुर देहात, कानपुर नगर, लखनऊ, प्रतापगढ़, रायबरेली और उन्नाव जिलों में यह चेतावनी जारी की गई है।

इसके अलावा केरल के कासरगोड, कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़, शिवमोग्गा और उडुपी, मध्य प्रदेश के भिंड, दतिया, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर कलां और शिवपुरी, मणिपुर के जिरीबाम, कामजोंग, नोनी, सेनापति और तामेंगलोंग, पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर, नागालैंड के लॉन्गलेंग, मोकोकचुंग, मोन और वोखा, असम के गोलाघाट, जोरहाट, माजुली और शिवसागर, हरियाणा के अंबाला, फरीदाबाद, गुरुग्राम, कैथल और कुरुक्षेत्र तथा उत्तराखंड के बागेश्वर, देहरादून, पिथौरागढ़, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से आंधी-तूफान के दौरान पेड़ों या कमजोर ढांचों के नीचे शरण न लेने, यात्रा से पहले सड़क और यातायात की स्थिति की जानकारी लेने, बाढ़ और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।

आईएमडी ने कहा कि मौसम से संबंधित नवीनतम पूर्वानुमान, येलो अलर्ट और जिला-वार नाउकास्ट संबंधी जानकारी उसके आधिकारिक मौसम पोर्टल पर उपलब्ध है। विभाग लगातार मौसम की बदलती परिस्थितियों पर नजर बनाए हुए है और लोगों से आधिकारिक स्रोतों के माध्यम से नियमित अपडेट प्राप्त करने का आग्रह किया गया है।

Leave a Reply