अमित शाह से मिले अनुपम खेर, देश-समाज और सिनेमा पर हुई लंबी चर्चा

नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस): वरिष्ठ अभिनेता अनुपम खेर ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने बताया कि दोनों के बीच देश, समाज, संस्कृति, सिनेमा और जीवन सहित कई विषयों पर लंबी और सार्थक चर्चा हुई।

71 वर्षीय अभिनेता ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर मुलाकात की कुछ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “अमित शाह जी से उनके आवास पर मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उनके स्नेह, आत्मीय आतिथ्य और अपनत्व के लिए मैं हृदय से उनका आभारी हूं।”

दो बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित अनुपम खेर ने आगे कहा, “देश, समाज, संस्कृति, सिनेमा और जीवन से जुड़े अनेक विषयों पर हमारी लंबी और बेहद अर्थपूर्ण बातचीत हुई। विभिन्न विषयों पर उनकी गहरी समझ, अद्भुत स्मरण शक्ति और विचारों की स्पष्टता वास्तव में प्रेरणादायक है।”

उन्होंने लिखा, “ऐसे व्यक्तित्व से हर मुलाकात कुछ नया सोचने और सीखने का अवसर देती है।”

अनुपम खेर ने आगे कहा, “अमित शाह जी, आपका समय, आपका स्नेह और जिस स्थान पर मैं बैठा था वहां विराजमान भगवान हनुमान की प्रतिमा मेरे लिए हमेशा स्मरणीय रहेगी।”

गौरतलब है कि हाल ही में अनुपम खेर ने असम में आई भीषण बाढ़ को लेकर भी चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आने की अपील करते हुए कहा था कि टेलीविजन और सोशल मीडिया पर सामने आ रही तबाही की तस्वीरों ने उन्हें बेहद व्यथित किया है। उन्होंने कहा था कि अनेक लोगों ने अपने परिवार और घर खो दिए हैं, जबकि कई बच्चे और बुजुर्ग खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।

Leave a Reply