मणिपुर में सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता, 9 उग्रवादी गिरफ्तार; हथियार बरामद, 6 आईईडी निष्क्रिय

इंफाल, 2 अगस्त (आईएएनएस): मणिपुर में सुरक्षाबलों द्वारा खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए लगातार अभियानों में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के 9 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। एक अलग अभियान में बरामद छह शक्तिशाली इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) को बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान मणिपुर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त अभियान चलाकर थौबल, तामेंगलोंग, काकचिंग, चंदेल, इंफाल पश्चिम और इंफाल पूर्व जिलों से इन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोग प्रतिबंधित कांगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी (केसीपी), पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए), उसकी राजनीतिक शाखा रिवोल्यूशनरी पीपुल्स फ्रंट (आरपीएफ), नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नागालैंड-खापलांग (एनएससीएन-के) और पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलेइपाक (प्रेपाक) से जुड़े बताए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार उग्रवादी अपहरण और जबरन वसूली जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल थे। उनके कब्जे से कई आपत्तिजनक दस्तावेज, वसूली की रसीदें, नकदी, प्रतिबंधित संगठनों की मुहरें और लेटरहेड, बाओफेंग संचार उपकरण सहित कई अन्य सामग्री बरामद की गई है।

इस बीच, तेंगनौपाल जिले के मोरेह थाना क्षेत्र के एक जंगल में सुरक्षाबलों ने संयुक्त अभियान चलाकर हथियारों का एक जखीरा भी बरामद किया। म्यांमार सीमा से सटे इस क्षेत्र से एक 9 एमएम पिस्तौल, एक डबल बैरल बंदूक, छह रेडियो सेट, दो हैंड ग्रेनेड और छह शक्तिशाली आईईडी बरामद किए गए। बाद में बम निरोधक दस्ते ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी आईईडी को मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया।

इधर, मणिपुर पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) मुकेश सिंह ने कानून-व्यवस्था एवं खुफिया शाखा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के साथ इंफाल स्थित 134 वर्ष पुराने ऐतिहासिक प्रथम मणिपुर राइफल्स बटालियन का दौरा किया। उन्होंने बटालियन की विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया और आधुनिक पुलिसिंग की आवश्यकताओं के अनुरूप बल को और अधिक सुदृढ़ बनाने को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की।

दूसरी ओर, राज्यभर में उग्रवाद विरोधी अभियान, तलाशी अभियान और क्षेत्र प्रभुत्व अभियान लगातार जारी हैं। घाटी और पहाड़ी क्षेत्रों में कुल 111 नाके और चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। वहीं, इंफाल-जिरीबाम राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-37) पर आवश्यक वस्तुओं से लदे ट्रकों सहित अन्य वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए कड़ी सुरक्षा और एस्कॉर्ट व्यवस्था लागू की गई है।

मणिपुर पुलिस ने लोगों से अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करने की अपील की है। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित फर्जी वीडियो और भ्रामक सामग्री से सतर्क रहने की सलाह भी दी है। (आईएएनएस)

Leave a Reply