भाजपा के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार आने पर किसानों और मछुआरों के कल्‍याण पर ध्‍यान दिया जाएगा

नईदिल्ली, 9 अप्रैल: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार आने पर किसानों और मछुआरों के कल्‍याण पर ध्‍यान दिया जाएगा। हल्दिया में एक जनसभा में प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर भाजपा राज्‍य में सरकार बनाती है तो धान, आलू और पान की खेती से जुडे़ किसानों को लाभ होगा। उन्‍होंने राज्‍य में मछुआरों के हितों को नजरअंदाज करने के लिए तृणमूल कांग्रेस की आलोचना की। उन्‍होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा गरीब लोगों के कल्‍याण के बारे में सोचती है।

श्री मोदी ने कहा कि राज्‍य में नौकरियों की कमी के कारण युवाओं को मजदूरी के लिए अंडमान निकोबार द्वीप समूह और ओडिसा जैसी जगहों पर जाना पड़ रहा है। उन्‍होंने हल्दिया औद्योगिक क्षेत्र में विकास लाने में विफल रहने के लिए सत्‍तारूढ़ पार्टी की आलोचना की और दावा किया कि एक समय पर राष्‍ट्रीय स्‍तर पर प्रतिष्ठित मत्‍स्‍य उद्योग को तृणमूल कांग्रेस की सत्‍ता के आने पर मुश्किलों का सामना करना पडा है। प्रधानमंत्री ने विश्‍वास व्‍यक्‍त किया कि पांच साल पहले बदलाव की हवा जो नंदीग्राम में दिखी थी वह अब भवानीपुर में भी देखने को मिलेगी। उन्‍होंने कहा कि घुसपैठिए बंगाल में फर्जी दस्‍तावेज बना रहे हैं और देश भर में फैल रहें है। उन्‍होंने विकसित भारत के लिए राज्‍य की निर्दयी सरकार को हटाने पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री आज आसनसोल और सूरी में भी जनसभाएं करेंगे। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बैनर्जी भी उत्‍तर चौबीस परगना जिले में मीनाखान और अन्‍य जगहों पर रैली करेंगी।       

Leave a Reply