नई दिल्ली, 1 अप्रैल :नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने घरेलू एयरलाइंस के लिए विमानन टरबाइन ईंधन (एटीएफ) की कीमत में 15 रुपये प्रति लीटर की आंशिक और चरणबद्ध वृद्धि लागू करने के निर्णय की सराहना की है। श्री नायडू ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह कदम व्यावहारिक और दूरदर्शी है। यह फैसला सुनिश्चित करता है कि विदेशी मार्गों पर बाजार के अनुरूप पूरी कीमत लागू हो। श्री नायडू ने बताया कि यह सुनियोजित दृष्टिकोण यात्रियों को किराए में अचानक वृद्धि से बचाने, घरेलू एयरलाइंस पर बोझ कम करने और इस महत्वपूर्ण मोड़ पर विमानन क्षेत्र की स्थिरता बनाए रखने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि यह कदम व्यापार तथा लाजिस्टिक के लिए महत्वपूर्ण हवाई संपर्क बनाये रखकर तथा कार्गों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करके व्यापक अर्थव्यवस्था के लिए भी लाभकारी होगा। नागर विमानन मंत्री ने एटीएफ की कीमत निर्धारण पर समयोचित और विचारशील हस्तक्षेप के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पेट्रोलियम तथा प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी के प्रति आभार प्रकट किया।
2026-04-01
