वरिष्ठ भाजपा नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने असम के गोगामुख में चुनावी रैली को संबोधित किया

नई दिल्ली, 1 अप्रैल : प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि गरीब और मध्यम वर्ग का कल्याण भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकता है। असम के गोगामुख में चुनावी रैली में उन्होंने कहा कि भाजपा ने समावेशी विकास हासिल करने के लिए बुनियादी ढांचे, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा पर लगातार ध्यान केंद्रित किया है।

श्री मोदी ने कहा कि असम में राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए के पिछले दस वर्षों के शासन में राज्य में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन वाली सरकार ने असम में स्थायी शांति लाने में मदद की है। इससे कई युवा हिंसा छोडकर एक सुरक्षित भविष्य की ओर बढ़ रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि असम अपनी चाय के लिए विश्व स्तर पर प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि मोरीगांव में आगामी सेमीकंडक्टर संयंत्र के साथ राज्य जल्द ही सेमीकंडक्टर चिप्स के लिए भी पहचान हासिल करेगा।

कल जारी हुए भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र का उल्‍लेख करते हुए श्री मोदी ने कहा कि इसमें बुनियादी ढांचे, रोजगार सृजन और शिक्षा में बड़े निवेश का वादा किया गया है, जिसमें किंडर गार्टेन से लेकर स्नातकोत्तर तक मुफ्त शिक्षा शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी राज्य की आदिवासी संस्कृति और परंपराओं की रक्षा के लिए एक समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में काम करेगी।

इससे पहले, प्रधानमंत्री ने डिब्रूगढ़ में चाय बागान श्रमिकों से बातचीत की।

Leave a Reply