नई दिल्ली, 30 मार्च: राज्यसभा में सदन के नेता और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर तुष्टीकरण की राजनीति करने और मुस्लिम समुदाय को मुख्य रूप से वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। राज्यसभा में श्री नड्डा ने कहा कि विपक्षी दलों को न तो बहस में रुचि है और न ही लोकतांत्रिक मूल्यों या संविधान के प्रति सम्मान है।
आज शून्यकाल के दौरान हुई एक घटना का जिक्र करते हुए श्री नड्डा ने कहा कि जब भाजपा सदस्य के. लक्ष्मण अपने निर्धारित समय में बोल रहे थे, तब इंडिया गठबंधन के सदस्यों ने लगातार हंगामा किया। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक और संसदीय प्रक्रियाओं में विश्वास की कमी को दर्शाता है।
शून्यकाल के दौरान श्री लक्ष्मण ने कहा कि कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, तमिलनाडु और केरलम जैसे विपक्षी शासित राज्यों में ओबीसी आरक्षण के प्रावधानों का धर्म के नाम पर दुरुपयोग किया जा रहा है।
इसके बाद विपक्षी सदस्यों ने सदन से वॉकआउट किया। श्री नड्डा ने विपक्ष द्वारा बहस से बचने और व्यवधान उत्पन्न करने की आलोचना करते हुए ऐसे व्यवहार को अनुचित और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए हमेशा तत्पर है।
