नईदिल्ली, 26 मार्च : केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कल इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की संसदीय सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक का एजेंडा एआई उभरती प्रौद्योगिकियों और इलेक्ट्रॉनिक्स हार्डवेयर निर्माण से संबंधित मुद्दों पर केंद्रित था।
इस बैठक को संबोधित करते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि एआई और संबंधित उभरती प्रौद्योगिकियां आज दुनिया को बदल रही हैं, जिससे यह हमारे लिए अत्यंत प्रासंगिक विषय बन गया है। उन्होंने बताया कि पिछले एक दशक में देश में इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। जिससे इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण में छह गुना और निर्यात में आठ गुना वृद्धि हुई है। वर्तमान में यह क्षेत्र देश में 25 लाख लोगों को रोजगार प्रदान कर रहा है।
बैठक में इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, सलाहकार समिति के सदस्य, सचिव एस. कृष्णन और मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
