नईदिल्ली, 26 मार्च :आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मार्कपुरम जिले के रायवरम के पास हुई सड़क दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। दुर्घटना एक लॉरी और निजी बस की टक्कर से हुई। इसमें कई यात्री जलकर मर गए।
मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों, शीर्ष पुलिस अधिकारियों, जिला पुलिस अधीक्षक और जिला कलेक्टर के साथ वर्चुअली बैठक कर स्थिति की समीक्षा की।
दुर्घटना के समय बस में कुल 35 यात्री सवार थे, जिनमें से 13 की मौत हो गई, जबकि 22 अन्य घायल हो गए। घायलों में से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि जगत्याल से नेल्लोर की ओर जा रही बस के विपरीत दिशा में चले जाने के कारण दुर्घटना हुई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से सभी घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा देखभाल सुनिश्चित किये जाने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना के कारणों की गहन जांच के आदेश दिये हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और राज्य सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
