जम्मू-कश्मीर में नवरात्रि उत्सव के दौरान माता वैष्णो देवी तीर्थस्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। पहले छह दिनों में ही 2 लाख से अधिक श्रद्धालु यहां दर्शन कर चुके हैं। हमारे संवाददाता ने बताया कि भारी भीड़ के बावजूद यात्रा सुचारू रूप से चल रही है। कटरा स्थित आधार शिविर और भवन की ओर जाने वाले मार्ग पर दिन-रात तीर्थयात्रियोंं की भीड़ है।
तीर्थ बोर्ड ने इनके लिए सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के वास्ते सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता और चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ किया है। बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों को तैनात है। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से यात्रा मार्ग पर सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने के लिए दिशानिर्देशों का पालन करने और अधिकारियों के साथ सहयोग करने का आग्रह किया है। आने वाले दिनों में तीर्थयात्रियों की संख्या में और वृद्धि होने की उम्मीद है।
