उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने आज कहा कि योग और आयुर्वेद जैसी देश की पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों को वैश्विक मान्यता प्राप्त है और इन्हें वैकल्पिक नहीं समझा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पारंपरिक चिकित्सा प्रणाली शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देती हैं। महाराष्ट्र के पुणे में उरुली कंचन में प्राकृतिक चिकित्सा ग्राम सुधार ट्रस्ट के एक प्राकृतिक चिकित्सा आश्रम की 81वीं वर्षगांठ समारोह में उपराष्ट्रपति ने लोगों से प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने और प्रकृति के करीब रहने का आग्रह किया। उपराष्ट्रपति ने प्राकृतिक चिकित्सा दर्शन का उल्लेख करते हुए बताया कि महात्मा गांधी ने लगभग 80 साल पहले प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र के माध्यम से इस विचारधारा को बढ़ावा दिया था। उपराष्ट्रपति ने खान-पान की आदतों में बदलाव और एलोपैथिक दवाओं पर अत्यधिक निर्भरता के प्रतिकूल प्रभावों का उल्लेख किया और प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने पारंपरिक चिकित्सा प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए आयुष मंत्रालय को मजबूत किया है। इस अवसर पर, श्री राधाकृष्णन ने डॉ. एन. जी. हेगड़े द्वारा लिखित ‘सीक्रेट्स ऑफ हैप्पीनेस’ नामक पुस्तक का विमोचन भी किया।
2026-03-22
