निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में आगमी विधानसभा चुनावों को देखते हुए व्यापक स्तर पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के फेरबदल किये हैं। आयोग ने 11 जिलाधिकारियों को उनके पदों से हटा दिया है। ये जिले के निर्वाचन अधिकारी के पद पर भी कार्यरत थे। कूच बिहार, जलपाईगुड़ी, मालदा, मुर्शिदाबाद, नदिया और उत्तर तथा दक्षिण 24 परगना सहित अन्य जिलों में नए अधिकारियों की नियुक्ती की गई है।
इससे पहले, पांच पुलिस उप महानिरीक्षक स्तर के अधिकारियों को भी हटाया गया था। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। अधिकारियों को आज दोपहर 3 बजे तक कार्यभार संभालने और अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक हटाए गए अधिकारियों को चुनाव संबंधी कोई भी कार्य नहीं सौंपा जाएगा।
