नईदिल्ली, 14 मार्च : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कोलकाता में लगभग 18,680 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री लगभग 16,990 करोड़ रुपये की लागत वाली 420 किलोमीटर से अधिक लंबी कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में पश्चिम बंगाल और झारखंड में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 और पश्चिम बंगाल में राष्ट्रीय राजमार्ग-114 के खंड शामिल हैं। इन परियोजनाओं से सड़क सुरक्षा में सुधार, यात्रा समय में कमी, भीड़भाड़ और प्रदूषण में कमी, क्षेत्रीय संपर्क में सुधार, पर्यटन को बढ़ावा और क्षेत्र में आर्थिक विकास को गति मिलने की संभावना है।
प्रधानमंत्री कई नई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें 231 किलोमीटर लंबे चार लेन वाले खड़गपुर-मोरग्राम आर्थिक गलियारे के पांच खंड शामिल हैं। यह परियोजना खड़गपुर और सिलीगुड़ी के बीच आर्थिक गलियारे का हिस्सा है और पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुडा, हुगली, पूर्वी बर्धमान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों से गुजरेगी। खड़गपुर-मोरग्राम के बीच सीधे संपर्क से यात्रा की दूरी लगभग 120 किलोमीटर कम हो जाएगी और लगभग 7 से 8 घंटे का समय बचेगा।
श्री मोदी लगभग 5.5 किलोमीटर लंबे चार लेन वाले दुबराजपुर बाईपास के निर्माण की आधारशिला भी रखेंगे। इससे दुबराजपुर शहर में यातायात की समस्या कम होगी और यात्रा का समय लगभग एक घंटा कम हो जाएगा।
प्रधानमंत्री कई पत्तन और पोत परिवहन संबंधी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। श्री मोदी हल्दिया डॉक कॉम्प्लेक्स के मशीनीकरण परियोजना का उद्घाटन करेंगे। खिद्दरपुर डॉक के जीर्णोद्धार परियोजना का भी उद्घाटन किया जाएगा।
प्रधानमंत्री पुरुलिया-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इससे पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। प्रधानमंत्री अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित छह रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री बेल्डा और दंतान के बीच 16 किलोमीटर लंबी तीसरी रेल लाइन और कलाईकुंडा तथा कनिमोहुली के बीच स्वचालित ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली का भी लोकार्पण करेंगे।
प्रधानमंत्री कोलकाता में भाजपा की एक रैली को भी संबोधित करेंगे। यह पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के राजनीतिक अभियान की शुरुआत का संकेत है।
निर्वाचन आयोग ने कुछ दिन पहले कोलकाता में पश्चिम बंगाल चुनाव की तैयारियों से संबंधित बैठकें की थीं।
