केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार बोडो प्रादेशिक परिषद क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए काम कर रही है और इसके तेजी से विकास के लिए एक हजार 500 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुवाहाटी में असम के कोकराझार जिले में वर्चुअल माध्यम से एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। खराब मौसम के कारण प्रधानमंत्री का कोकराझार दौरा रद्द कर दिया गया है।
प्रधानमंत्री ने इस बात का उल्लेख किया कि दशकों तक हिंसा और रक्तपात झेलने वाला बोडो क्षेत्र अब विकास और स्थिरता के एक नए युग में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने बताया कि हजारों युवाओं ने हथियार छोड़कर मुख्यधारा में शामिल होने का फैसला किया है।
श्री मोदी ने बोडो क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही उपेक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार इस क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए काम कर रही है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से बीटीसी क्षेत्र में असम माला 3.0 सड़क परियोजना, चार फ्लाईओवर और दो पुलों की आधारशिला रखी। प्रधानमंत्री ने कोकराझार जिले के बसबारी में रेलवे आवधिक मरम्मत कार्यशाला की आधारशिला रखने के साथ ही तीन नई रेलगाडियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये रेलगाडियां हैं- कामाख्या-चारलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस, गुवाहाटी-नई जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस और नारंगी-अगरतला एक्सप्रेस। प्रधानमंत्री ने राज्य के 34 जिलों के लिए 36 नए पुलों की आधारशिला भी रखी।
प्रधानमंत्री गुवाहाटी में लगभग 19 हजार 680 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री राज्य के पात्र चाय बागान श्रमिकों को प्रतीकात्मक रूप से भूमि पट्टे सौंपेंगे और 150 मेगावाट की कोपिली जलविद्युत परियोजना को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। श्री मोदी गुवाहाटी से देश भर के 93 करोड़ से अधिक किसानों को पीएम-किसान योजना की 22वीं किस्त भी जारी करेंगे।
प्रधानमंत्री कल सिलचर में 23 हजार 550 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
