राज्य दौरे पर त्रिपुरा पहुंचे उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन

अगरतला, 7 मार्चः
दो दिवसीय दौरे पर भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन शनिवार को त्रिपुरा पहुंचे। अगरतला के महाराजा बीर बिक्रम हवाई अड्डे पर उनका स्वागत राज्यपाल इंद्रसेना रेड्डी नल्लू और मुख्यमंत्री प्रो. (डॉ.) माणिक साहा ने किया। इस अवसर पर सांसद राजीव भट्टाचार्य, मुख्य सचिव सहित प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपराष्ट्रपति रविवार सुबह अगरतला स्थित अल्बर्ट एक्का वॉर मेमोरियल जाकर वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे उदयपुर स्थित माता त्रिपुरासुंदरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे।

इसके पश्चात उपराष्ट्रपति त्रिपुरा केंद्रीय विश्वविद्यालय के 14वें दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में वे विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करने के साथ-साथ अन्य औपचारिक कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।

दौरे के दौरान वे हापनिया स्थित अंतरराष्ट्रीय मेला मैदान में ‘लखपति दीदी’ परियोजना से जुड़ी महिलाओं के साथ संवाद भी करेंगे।

उपराष्ट्रपति के इस दौरे को लेकर पूरे राज्य में प्रशासन की ओर से कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।

Leave a Reply