नईदिल्ली, 26 फरवरी : वाणिज्य तथा उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत के युवा और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र देश के विकास को गति दे रहे हैं। श्री गोयल ने ईवाई एंटरप्रेन्योर ऑफ द ईयर पुरस्कार समारोह में कहा कि जुनून, नवाचार और कुशल मानव संसाधन भारत की सबसे बड़ी प्रतिस्पर्धी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित एआई शिखर सम्मेलन के दौरान मिली वैश्विक प्रतिक्रिया ने भारत के नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र और तकनीकी क्षमताओं की गहराई और परिपक्वता को प्रदर्शित किया है।
श्री गोयल ने कहा कि एआई नौकरियों को खत्म करने के बजाय उनमें बदलाव लाएगा। उन्होंने बताया कि भारत हर साल लगभग 23 लाख विज्ञान, प्रौद्योगिकी और गणित-एसटीईएम स्नातक तैयार करता है और उसके पास युवा, अनुकूलनीय और महत्वाकांक्षी प्रतिभाओं का एक अद्वितीय भंडार है।
वाईटूके युग के बाद एआई को अगला बड़ा परिवर्तनकारी बिंदु बताते हुए उन्होंने कहा कि यह उच्च मूल्य वाली नौकरियां सृजित करेगा, निर्यात को बढ़ावा देगा तथा साइबर सुरक्षा, डेटा संरक्षण और सिस्टम गवर्नेंस में कौशल की मांग बढ़ाएगा। श्री गोयल ने बताया कि भारत ने 38 देशों के साथ नौ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं, जिससे भारतीय वस्तुओं और सेवाओं के लिए व्यापक बाजार पहुंच उपलब्ध हुई है।
पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि भारत का विकास सफर उद्यमियों और युवाओं की बदौलत निरंतर जारी रहेगा और उन्होंने सभी हितधारकों से विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए सामूहिक रूप से काम करने का आग्रह किया।
