प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल दो दिन की राजकीय यात्रा पर इजराइल जा रहे हैं। उनकी यह दूसरी इजराइल यात्रा होगी। इस दौरान श्री मोदी इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता भारत-इजराइल रणनीतिक साझेदारी में हुई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा करेंगे।
वे विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी, नवाचार, रक्षा तथा सुरक्षा, कृषि, जल प्रबंधन, व्यापार तथा अर्थव्यवस्था और दोनों देशों के लोगों के बीच आदान-प्रदान सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के अवसरों पर चर्चा करेंगे।
दोनों नेताओं के पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करने की आशा है। श्री मोदी इजराइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग से भी मुलाकात करेंगे।
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच गहरी और दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी की पुष्टि करेगी । यह एकसमान चुनौतियों की समीक्षा करने के साथ-साथ दो सशक्त लोकतंत्रों के बीच मजबूत भागीदारी के साझा दृष्टिकोण को प्राप्त करने की दिशा में प्रयासों को पुनर्गठित करने का अवसर प्रदान करेगी।
