सहकारिता मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में भारत टैक्सी के सारथियों से बातचीत की। आज जारी एक वीडियो में श्री शाह ने कहा कि भारत टैक्सी सहकारी समिति का उद्देश्य चालकों को उनके काम का स्वामित्व देकर उन्हें सशक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि इस पहल का लक्ष्य निजी टैक्सी सेवा कंपनियों से जुड़ी समस्याओं को कम करना और लाभ चालकों को दिलाना है, न कि सहकारी समिति को।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि यह पहल चालकों के कल्याण और यात्रियों की सुरक्षा के लिए एक मंच बन रही है। श्री शाह ने कहा कि भारत टैक्सी में कुछ भी छिपा नहीं रहेगा और हर जानकारी सारथियों को अधिसूचना के माध्यम से दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सहकारी टैक्सी सेवा भारत टैक्सी दुनिया की सबसे पारदर्शी टैक्सी सेवा बन जाएगी।
भारत टैक्सी की अनूठी सारथी दीदी पहल पर प्रकाश डालते हुए श्री शाह ने कहा कि इस सुविधा के माध्यम से महिला यात्री अपनी यात्रा के लिए महिला चालकों का चयन कर सकती हैं। श्री शाह ने बताया कि भारत टैक्सी की सारथी महिलाओं को बीमा लाभ और आसान ऋण सुविधाएँ मिलेंगी।
