गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- केंद्र सरकार के नेतृत्‍व में भारत-पाकिस्तान सीमा सहित सीमावर्ती क्षेत्रों में विकास कार्य हो रहे हैं

गृह मंत्री अमित शाह ने आज असम में कछार जिले के भारत-बांग्लादेश सीमावर्ती क्षेत्र के नतनपुर में जीवंत ग्राम कार्यक्रम के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम देश के 17 राज्यों के 334 प्रखंडों और 1954 गांवों के साथ असम के 140 सीमावर्ती गांवों में आयोजित किए जाएंगे।

गृह मंत्री ने कहा कि भारत-पाकिस्तान सीमा से लगे 334 प्रखंडों और लगभग 2000 गांवों में भी विकास कार्य शुरू हो चुके हैं। गृह मंत्री ने असम में अवैध अतिक्रमण को सबसे बड़ी समस्या बताया। उन्‍होंने कहा कि अतिक्रमण करने वालों ने कई गांवों पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार ने पिछले 10 वर्ष में अतिक्रमण रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम में अवैध भूमि अतिक्रमण हटाने का अभियान चल रहा है। उन्‍होंने कहा कि अतिक्रमणकारियों की पहचान कर उन्हें चरणबद्ध तरीके से बेदखल किया जाएगा।

गृह मंत्री ने लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद समस्या का समाधान न कर पाने के लिए कांग्रेस की आलोचना भी की। अमित शाह ने कहा कि भाजपा सरकार अगले पांच वर्ष में असम को बाढ़ मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क अवसंरचना के विकास, पर्यटन केंद्रों के निर्माण और आतंकवाद से लड़ने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। केंद्र सरकार ने पिछले 10 वर्ष में असम के विकास के लिए लगभग 15 लाख करोड़ रुपये आवंटित किए हैं और जीवंत ग्राम कार्यक्रम बेहतर असम के निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है।

Leave a Reply