नईदिल्ली, 16 फ़रवरी : न्यूजीलैंड के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री शेन रेती ने नवगठित भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते-एफटीए को द्विपक्षीय संबंधों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि यह समझौता सहयोग को बढ़ावा देगा और द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होंगे।
नई दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए, न्यूजीलैंड के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री शेन रेती ने वैश्विक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-एआई क्षेत्र में भारत के बढ़ते नेतृत्व की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 की मेजबानी एआई एजेंडा को आकार देने में देश के वैश्विक महत्व को दर्शाती है। उन्होंने सुरक्षित, समावेशी और मानव-केंद्रित एआई पर केंद्रित इस सम्मेलन में भाग लेने को सौभाग्य बताया।
न्यूजीलैंड के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री शेन रेती ने कहा कि न्यूजीलैंड भारत को एक महाशक्ति के रूप में देखता है और एआई क्षेत्र में भारत के साथ सहयोग करने के लिए उत्सुक है। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड भारत से सीखने और जिम्मेदार एआई शासन पर व्यापक वैश्विक चर्चाओं में योगदान देने के लिए तत्पर है।
