नई दिल्ली, 24 जनवरी: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को बधाई दी है। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उत्तर प्रदेश के नागरिकों ने देश की संस्कृति और विरासत की समृद्धि में महत्पूर्ण योगदान किया है। लोगों के समर्पण और डबल इंजन सरकार के योगदान से राज्य ने पिछले नौ वर्ष में एक बीमारू राज्य से उत्कृष्ट राज्य बनने तक की प्रगति की है। प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश की अपार क्षमता पूरे राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि गौरवशाली इतिहास और समृद्ध संस्कृति की यह भूमि, भारत की विकास यात्रा में मजबूत स्तंभ रही है। राष्ट्रपति मुर्मु ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहेगा। उन्होंने राज्य के मेहनती और प्रतिभाशाली लोगों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
केन्द्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे और आयोजन को संबोधित करेंगे। समारोह का आयोजन राष्ट्र प्रेरणा स्थल में किया गया है।
श्री शाह इस अवसर पर एक जनपद एक व्यंजन योजना का शुभारंभ करेंगे। इस पहल से राज्य के प्रत्येक जिले के पारंपरिक व्यंजन की पहचान की जाएगी और इसकी गुणवत्ता बढ़ाने, ब्रैंडिंग और बाजार पहुंच की व्यवस्था की जाएगी। इसका उद्देश्य स्थानीय व्यंजनों को केवल क्षेत्र तक सीमित न रखकर राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान देना है।
गृह मंत्री समारोह के दौरान सरदार पटेल औद्योगिक क्षेत्र कार्यक्रम का भी शुभारंभ करेंगे। वे उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत उत्कृष्टता हासिल करने वाले जनपदों को पुरस्कार देंगे। वे इस अवसर पर उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान 2025-26 भी प्रदान करेंगे।
