नई दिल्ली, 21 जनवरी: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज मेघालय के राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेश के लोगों को शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि मेघालय की जनता ने राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। श्री मोदी ने कहा कि राज्य की सांस्कृतिक जीवंतता और प्राकृतिक सुंदरता प्रशंसनीय है। उन्होंने कामना की कि मेघालय, भविष्य में भी विकास की नई ऊंचाइयों को छूता रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज त्रिपुरा के राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि त्रिपुरा की विकास यात्रा परंपरा और आधुनिकता का अद्भुत संगम है। श्री मोदी ने कहा कि त्रिपुरा ने विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी परिवर्तन देखे हैं और राज्य के लोग देश की विकास यात्रा को गति दे रहे हैं। प्रधानमंत्री ने राज्य की आगामी समृद्धि के लिए भी प्रार्थना भी की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मेघालय, त्रिपुरा और मणिपुर के राज्य स्थापना दिवस पर राज्यवासियों को हार्दिक बधाई दी है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि ये राज्य समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जीवंत परंपराओं और असाधारण प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि इन राज्यों के उद्यमी और प्रतिभाशाली लोगों ने राष्ट्र की प्रगति में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने राज्यवासियों के लिए शांति और समृद्धि से भरे भविष्य की कामना की।
