नई दिल्ली, 13 जनवरी: गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि देश अगले वर्ष के अंत तक विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभरेगा। उन्होंने गांधीनगर जिले के अपने गृह नगर मानसा में 267 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और लोकार्पण करने के बाद एक जनसभा को संबोधित किया।
गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि सरकार 2047 तक भारत को हर क्षेत्र में वैश्विक अग्रणी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उन्होंने सोमनाथ मंदिर को देश की पहचान और आत्मसम्मान का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि सरकार मंदिर के हजार साल पुराने गौरवशाली इतिहास को प्रदर्शित करने और आत्मसम्मान की इस विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए पूरे साल सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाएगी।
गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि अहमदाबाद खेलों के लिए एक नए वैश्विक केंद्र के रूप में उभर रहा है और शहर में 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी के प्रयास जारी हैं। उन्होंने स्थानीय खिलाड़ियों से मानसा में नवनिर्मित खेल परिसर का पूरा लाभ उठाने का आग्रह किया।
एक अन्य कार्यक्रम में गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारत ने जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास देखा है। श्री शाह गांधीनगर में गुजरात जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान केंद्र की बीएसएल-4 जैव-नियंत्रण सुविधा के उद्घाटन अवसर पर एक सभा को संबोधित कर रहे थे।
