नई दिल्ली, 8 जनवरी: नेपाल निर्वाचन आयोग ने 25 जनवरी को होने वाले नेशनल असेम्बली चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने वाले उम्मीदवारों की सूची प्रकाशित कर दी है। सूची के अनुसार विभिन्न दलों के 44 उम्मीदवारों ने 19 पदों के लिए चुनाव में नामांकन दाखिल किया है। आयोग के संयुक्त सचिव और प्रवक्ता नारायण प्रसाद भट्टराई ने बताया कि सभी सात प्रांतीय राजधानियों में निर्वाचन अधिकारियों के कार्यालयों में उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों का पंजीकरण शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
उम्मीदवारों के संबंध में आपत्तियां आज से दर्ज कराई जा सकती हैं। नामांकन पत्रों और शिकायतों की जांच की जाएगी और उम्मीदवारों की सूची शनिवार तक प्रकाशित कर दी जाएगी। चुनाव चिन्ह उम्मीदवारों को 12 जनवरी को आबंटित किए जाएंगे।
