सोमनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार का संकल्प अब प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में पूरा हो रहा है : भाजपा

नई दिल्ली, 5 जनवरी: भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि देश के प्रथम राष्‍ट्रपति डॉ.राजेन्‍द्र प्रसाद के समय में ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए लिया गया संकल्‍प अब प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में पूरा हो रहा है। नई दिल्‍ली में आज पार्टी मुख्‍यालय में भाजपा के प्रवक्‍ता डॉ.सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि भारत आज विश्‍व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्‍यवस्‍था बन गया है और समृद्धि के मार्ग पर प्रशस्‍त है। उन्होंने कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने कहा था कि सोमनाथ की स्थापना उस दिन सही मायने में पूर्ण होगी जब इसकी समृद्धि एक बार फिर हमले से पहले के स्तर पर पहुंच जाएगी। श्री त्रिवेदी ने कहा कि सोमनाथ मंदिर के पुनरूत्‍थान का दृष्टिकोण आज वास्‍तविकता बन चुका है।

श्री त्रिवेदी ने दावा करते हुए कहा कि वर्ष 1951 में सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के विरोध के बावजूद किया गया था। उन्‍होंने आरोप लगाते हुए कहा कि नेहरू की किताब डिस्‍कवरी ऑफ इंडिया में महमूद गजनी को सिर्फ एक लुटेरा बताया गया है जिसका सोमनाथ मंदिर और धार्मिैक गतिविधियों से कोई संबंध नही है।