तीन वर्ष से कम अवधि वाले स्टार्टअप उठा सकेंगे अनुसंधान, विकास और नवाचार कोष का लाभ

नई दिल्ली, 4 जनवरी: तीन वर्ष से कम अवधि वाले स्टार्टअप भी अब अनुसंधान, विकास और नवाचार कोष का लाभ उठा सकेंगे। वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान विभाग (डी एस आई आर) के मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने विभाग के 41वें स्थापना दिवस समारोह में, नई दिल्ली में कहा कि अब नए स्टार्टअप भी पंजीकरण कर इस कोष का लाभ उठा सकते हैं। डॉ. सिंह ने कहा कि सरकार ने परमाणु क्षेत्र और अंतरिक्ष क्षेत्र को निजी क्षेत्र के लिए खोलने जैसे कई महत्‍वपूर्ण जैसे फैसले लिए हैं।

श्री सिंह ने कहा कि भारत, प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत की दृष्टि को कार्यरूप दे रहा है और एक ऐसे देश के रूप में उभर रहा है जिस पर भरोसा करने वाले देशों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने देश के अनुसंधान और विकास तथा नवाचार पारितंत्र को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण पहलों की जानकारी दी।

इनमें आंतरिक अनुसंधान और विकास को महत्व देने, डीप टेक स्टार्टअप केंद्र संबंधी दिशानिर्देशों का क्रियान्वयन, प्रिज्‍़म नेटवर्क प्लेटफॉर्म इनोवेटर पल्स और प्रिज्‍़म स्कीम के अंतर्गत क्रिएटिव इंडिया की शुरुआत शामिल हैं।