बांग्‍लादेश: हिन्‍दू-बौद्ध-ईसाई एकता परिषद के नेताओं ने बीएनपी के कार्यकारी अध्‍यक्ष तारिक़ रहमान से की मुलाकात

ढाका,4 जनवरी: बांग्‍लादेश हिन्‍दू-बौद्ध-ईसाई एकता परिषद के नेताओं ने बांग्‍लादेश नेशनलिस्‍ट पार्टी (बीएनपी) के कार्यकारी अध्‍यक्ष तारिक़ रहमान से कल राजधानी ढाका में मुलाकात कर पार्टी की अध्‍यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा ज़िया के निधन पर शोक व्‍यक्‍त किया।

बैठक में, अल्‍पसंख्‍यक नेताओं ने खालिदा ज़िया को एक मज़बूत और विपरीत परिस्थितियों में समझौता न करने वाली नेत्री बताया जिन्‍होंने देश के लोकतांत्रिक आंदोलन में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाई। नेताओं ने कहा कि खालिदा ज़िया का निधन बांग्‍लादेश की एक बड़ी क्षति है।

अल्‍पसंख्‍यक नेताओं ने बांग्‍लादेश में अल्‍पसंख्‍यकों के ख़िलाफ़ हाल में बढ़ती हिंसक घटनाओं पर चिंता व्‍यक्‍त की और 8 सूत्री मांगें रखीं। नेताओं ने अनुरोध किया कि बीएनपी इन 8 सूत्री मांगों को अपने चुनाव घोषणा-पत्र में शामिल करे।

श्री तारिक़ रहमान ने अल्‍पसंख्‍यक नेताओं से कहा कि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने और लोकतांत्रिक संस्‍थाओं के पुनर्निर्माण के लिए क़ानून-व्‍यवस्‍था की बहाली आवश्‍यक है।