उत्तर भारत में घने कोहरे का रेड अलर्ट, उड़ानें और रेल सेवाएं प्रभावित

नई दिल्ली, 3 जनवरी: मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में 9 तारीख तक घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में शीतलहर और उत्तराखंड में पाला पड़ने का भी अनुमान है। बिहार के कुछ इलाकों में सोमवार तक ठंड रहेगी।

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और दिल्ली में घने कोहरे के कारण कई उड़ान और रेलगाडियों का परिचालन बाधित हुआ है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कम दृश्यता के कारण 72 उड़ान रद्द कर दी गईं।

दिल्ली जाने वाली कई रेलगाड़ियों का संचालन भी आज प्रभावित हुआ। 8 रेलगाड़ी 3 घंटे से अधिक विलंबित हुईं।