एंजेल चकमा हत्याकांड : हम दोषियों को फांसी चाहते हैं , त्रिपुरा की राज्यपाल और मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद बोले उत्तराखंड के पूर्व सांसद

कल मृतका के परिवार से करेंगे मुलाकात

अगरतला, 1 जनवरी : देहरादून में हत्या की शिकार हुई त्रिपुरा की एमबीए छात्रा एंजेल चकमा के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए उत्तराखंड के पूर्व सांसद तरुण विजय राज्य पहुंचे हैं। आज अगरतला पहुंचने के बाद उन्होंने त्रिपुरा के राज्यपाल इंद्रसेना रेड्डी नल्लू और मुख्यमंत्री प्रो. (डॉ.) माणिक साहा से शिष्टाचार मुलाकात की। कल वे एंजेल चकमा के परिवार से मुलाकात करेंगे।

मुलाकात के दौरान उन्होंने राज्यपाल और मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि एंजेल चकमा की मृत्यु से त्रिपुरा की तरह ही पूरे उत्तराखंड में गहरा शोक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और दोषियों को अधिकतम सजा दिलाना सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा, हम दोषियों को फांसी चाहते हैं।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद एक टेलीफोनिक साक्षात्कार में तरुण विजय ने बताया कि उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में एंजेल चकमा को श्रद्धांजलि दी गई है और शोक सभाओं का आयोजन हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड सरकार उत्तर-पूर्व के युवक-युवतियों के साथ किसी भी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं करेगी। उत्तर-पूर्व के युवाओं का अपमान पूरे देश और राष्ट्र का अपमान है। यह घृणित अपराध अक्षम्य है और देशद्रोह के समान है।

उन्होंने बताया कि एंजेल चकमा की हत्या में शामिल छह आरोपियों में से पांच को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी भी शीघ्र होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस मामले में हत्या की धाराएं लगाकर अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। उनका कहना था कि उत्तराखंड और उत्तर-पूर्व के बीच रक्त का संबंध है। इस क्षेत्र के अनेक छात्र-छात्राएं उत्तराखंड में पढ़ाई करते हैं। पहले कभी ऐसी घटना नहीं हुई, इसलिए इस मामले में उदाहरणात्मक सजा आवश्यक है।

इस अवसर पर उन्होंने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि एंजेल चकमा की दिल दहला देने वाली हत्या पर कुछ लोग राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं, जो अनुचित है। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना को विदेशी साजिश से जोड़ना देश और समाज के हित में नहीं है। उनका कहना था कि एंजेल की मृत्यु से जितना दुख त्रिपुरा के लोगों को हुआ है, उतना ही शोक उत्तराखंड के लोगों को भी है, इसलिए इस घटना पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

तरुण विजय ने कहा कि वे एंजेल चकमा के परिवार के प्रति सहानुभूति और संवेदना व्यक्त करने के लिए ही त्रिपुरा आए हैं। वे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री की ओर से भी परिवार के लिए संवेदना संदेश लेकर आए हैं। उन्होंने बताया कि कल वे एंजेल चकमा के परिवार से मुलाकात करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी जानकारी दी कि त्रिपुरा के मुख्यमंत्री इस पूरे मामले को लेकर लगातार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के संपर्क में हैं।