राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने देहरादून में त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की हत्या का संज्ञान लिया

नई दिल्ली, दिसम्बर 30 : राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने उत्तराखंड के देहरादून में त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की हत्या का संज्ञान लिया है। आयोग के सदस्य प्रियांक कानूनगो की अध्यक्षता वाली पीठ ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर मामले में अब तक की गई कार्रवाई पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। उत्तराखंड के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को राज्य में पूर्वोत्तर के छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने भी एंजेल चकमा की हत्या की निंदा की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री रिजिजू ने कहा कि यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण और बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर या देश के किसी भी क्षेत्र के लोगों के साथ भेदभाव को रोकने के लिए पूरे देश को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने लोगों से ऐसी घटनाओं को रोकने में सरकार के साथ मिलकर काम करने का आग्रह किया।

एम.बी.ए. के छात्र चकमा पर 9 दिसंबर को देहरादून में बदमाशों के एक समूह ने हमला किया था और बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।