नई दिल्ली, दिसम्बर 30 : बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी- बीएनपी की अध्यक्ष खालिदा जिया का आज सुबह ढाका के एक अस्पताल में निधन हो गया। वे 80 वर्ष की थीं। एक सोशल मीडिया पोस्ट में बीएनपी ने ये जानकारी दी। बीएनपी के मीडिया कक्ष ने बताया कि एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान खालिदा जिया का निधन हुआ। खालिदा जिया बांग्लादेश की दो बार प्रधानमंत्री रहीं। वे दशकों तक बांग्लादेश की राजनीति की अत्यधिक प्रभावशाली हस्तियों में से एक थी। उन्होंने कई वर्षों तक बीएनपी की अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दीं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की अध्यक्ष बेगम खालिदा जिया के निधन पर शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में देश के विकास और भारत-बांग्लादेश संबंधों में उनके महत्वपूर्ण योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। प्रधानमंत्री ने वर्ष 2015 में ढाका में उनसे हुई अपनी सौहार्दपूर्ण मुलाकात को याद किया। श्री मोदी ने आशा व्यक्त की कि उनकी दूरदृष्टि और विरासत दोनों देशों के बीच साझेदारी को आगे भी दिशा देती रहेगी।
