प. बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की सुनवाई का चरण आज से शुरू

नई दिल्ली, 27 दिसंबर: पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की सुनवाई का चरण आज से शुरू हो गया है। पूरे राज्‍य में 3 हजार 234 सुनवाई केंद्र बनाए गए हैं। पहले चरण में लगभग 32 लाख मतदाताओं को सुनवाई के लिए बुलाया गया है। इन मतदाताओं के नाम 2002 की मतदाता सूची से मेल नहीं खाते थे।

मतदाता आधार कार्ड सहित 12 मान्यता प्राप्त दस्तावेजों में से कोई भी जमा कर सकते हैं। लेकिन सिर्फ आधार कार्ड को ही प्रमाण पत्र नहीं माना जाएगा। निर्वाचन आयोग ने स्‍पष्‍ट चेतावनी दी है कि फर्जी या जाली दस्तावेज जमा करना दंडनीय अपराध होगा।

राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया है कि सुनवाई की सभी तैयारियां पूरी हैं। सुनवाई 4 हजार 500 से अधिक पर्यवेक्षकों की कड़ी निगरानी में की जाएगी।

ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ और पर्यवेक्षकों सहित अन्‍य अधिकृत कर्मियों के अलावा किसी और को सुनवाई केंद्रों के अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी। सुनवाई के दौरान प्रत्येक केंद्र पर फोटो दस्तावेजीकरण किया जाएगा।