नईदिल्ली, 16 दिसंबर : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देश भर में 17 लाख एकड़ से अधिक रक्षा भूमि के प्रबंधन में रक्षा संपदा की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी साधारण नहीं है, क्योंकि रक्षा भूमि भारत की रक्षा व्यवस्था की नींव है। केन्द्रीय मंत्री ने आज नई दिल्ली में रक्षा संपदा दिवस समारोह के दौरान यह बात कहीं। रक्षा मंत्री ने कहा कि किसी राष्ट्र की शक्ति का माप केवल उसके हथियारों से नहीं, बल्कि उसके प्रशासन की ईमानदारी, पारदर्शिता और मूल्यों से होता है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में सरकार छावनियों को और भी स्मार्ट, पर्यावरण अनुकूल और नागरिक-हितैषी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। रक्षा मंत्री ने कहा कि आज का दिन केवल एक उत्सव नहीं है बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता को दोहराने का भी एक अवसर है।
2025-12-16
