राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली में विजय दिवस पर परमवीर दीर्घा का उद्घाटन किया

नईदिल्ली, 16 दिसंबर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज विजय दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में परम वीर दीर्घा का उद्घाटन किया। इस दीर्घा में परम वीर चक्र से सम्मानित सभी 21 विजेताओं के चित्र प्रदर्शित हैं। इसका उद्देश्य आगंतुकों को उन राष्ट्रीय नायकों के बारे में शिक्षित करना है जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा में अदम्य संकल्प और अदम्य साहस का प्रदर्शन किया। यह उन वीर योद्धाओं की स्मृति को सम्मानित करने की भी एक पहल है जिन्होंने मातृभूमि की सेवा में अपने प्राणों की आहुति दी। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रमुख रक्षा अध्‍यक्ष जनरल अनिल चौहान, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। परम वीर चक्र भारत का सर्वोच्च सैन्य सम्मान है, जो युद्ध के दौरान असाधारण वीरता, साहस और आत्मबलिदान के लिए प्रदान किया जाता है। जिन गलियारों में अब परम वीर दीर्घा बनाई गई है, वहां पहले ब्रिटिश सहायक अधिकारियों के चित्र लगे होते थे। भारतीय राष्ट्रीय नायकों के चित्र प्रदर्शित करने की यह पहल औपनिवेशिक मानसिकता को त्यागने और भारत की समृद्ध संस्कृति, विरासत और शाश्वत परंपराओं को गर्व से अपनाने की दिशा में एक सार्थक कदम है।

Leave a Reply