नईदिल्ली, 16 दिसंबर : वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद पिछले 7 महीनों में समुद्री क्षेत्र में भारत ने लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। उन्होंने कहा कि सरकार मत्स्य निर्यात में विविधता लाने और अधिकतम वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि भारत की मत्स्य निर्यात कंपनियों पर कुछ देशों के डंपिंग-रोधी शुल्क लगाये जाने के बावजूद यह वृद्धि हासिल की गई है। वाणिज्य और उद्योग मंत्री गोयल ने बताया कि भारत के 102 मत्स्य निर्यात प्रतिष्ठान यूरोपीय संघ में पंजीकृत हैं और रूस ने ऐसे 25 प्रतिष्ठानों को स्वीकृति दी है। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में वाणिज्य और उद्योग मंत्री ने कहा कि सरकार ने भारत की निर्यात प्रतिस्पर्धा बढाने के उद्देश्य से हाल ही में 25 हजार करोड़ रूपये की निर्यात दिशा योजना शुरू की है। निर्यात संवर्धन मिशन के अंतर्गत इस सहायक योजना को इस वर्ष नवम्बर में केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी थी।
2025-12-16
