नई दिल्ली, 14 दिसंबर: केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और उत्तर प्रदेश के महाराजगंज से सात बार के सांसद पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी का अध्यक्ष चुना गया है। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल ने आज लखनऊ में इस बारे में घोषणा की।
निवर्तमान अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने पंकज चौधरी को औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी का ध्वज सौंपा जो कि प्रभार अंतरण का प्रतीक है। श्री चौधरी को उत्तर प्रदेश में अन्य पिछड़ा वर्ग तक भाजपा की पहुंच बनाने में एक अहम नेता के रूप में माना जा रहा है।
अध्यक्ष के अलावा भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों का चुनाव भी पूरा कर लिया है। श्री राजनाथ सिंह, योगी आदित्यनाथ, ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्या, उपेन्द्र चौधरी, स्मृति ईरानी, सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्रदेव सिंह और रमापति राम त्रिपाठी जैसे वरिष्ठ नेताओं सहित कुल 120 सदस्य चुने गए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
