भारत के 53वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने ली शपथ

नई दिल्ली, 24 नवंबर : न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने आज भारत के 53वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज सुबह राष्ट्रपति भवन में न्यायमूर्ति सूर्यकांत को पद की शपथ दिलाई। न्‍यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने न्यायमूर्ति बी.आर. गवई का स्थान लिया है। शपथ ग्रहण समारोह में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और अमित शाह, राजनाथ सिंह, जे.पी. नड्डा सहित केंद्रीय मंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

1962 में हरियाणा के हिसार में जन्मे न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने 1984 में हिसार जिला न्यायालय में वकालत शुरू की। वे संवैधानिक, सेवा और दीवानी मामलों के विशेषज्ञ हैं। उन्होंने कई विश्वविद्यालयों, बोर्डों, निगमों, बैंकों और उच्च न्यायालय का भी प्रतिनिधित्व किया है। न्यायमूर्ति सूर्यकांत को वर्ष 2000 में हरियाणा का सबसे युवा महाधिवक्ता नियुक्त होने का गौरव प्राप्त हुआ। उन्हें 2004 में पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय में स्थायी न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया। न्यायमूर्ति सूर्यकांत को 2018 में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया। उन्हें मई 2019 में सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया।

Leave a Reply