पटना, 20 नवंबर :जनता दल यूनाइटेड प्रमुख नीतीश कुमार ने आज सुबह 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित किया गया था। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, जे. पी. नड्डा, चिराग पासवान और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए के कई अन्य शीर्ष नेता उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कुल 27 मंत्रियों ने नई बिहार सरकार में मंत्री पद की शपथ ली। सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, दिलीप जायसवाल, मंगल पांडे, नितिन नबीन और राम कृपाल यादव सहित भाजपा नेताओं ने नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में मंत्री पद की शपथ ली है। जबकि जनता दल युनाइटेड के लेशी सिंह, श्रवण कुमार, बिजेंद्र प्रसाद यादव, ज़मा खान और अशोक चौधरी ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
एनडीए में, भाजपा ने 89 विधानसभा सीटों पर, जदयू ने 85 सीटों पर, लोकजनशक्ति पार्टी – रामविलास ने 19 सीटों पर, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा ने 5 सीटों पर और राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने 4 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की। विपक्षी महागठबंधन को में केवल 35 सीटें मिलीं।
