नई दिल्ली, 13 नवंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 नवम्बर को तमिलनाडु के कोयंबटूर जाएंगे। वह तमिलनाडु के किसान संघों द्वारा आयोजित दक्षिण भारत प्राकृतिक कृषि शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री दक्षिणी राज्यों के जैविक कृषि में विशेषज्ञता रखने वाले 50 वैज्ञानिकों के साथ बातचीत करेंगे। शिखर सम्मेलन में व्यापक प्राकृतिक खेती के लिए नीतियां तैयार की जाएंगी।
आयोजन समिति के समन्वयक पी.आर. पांडियन ने कहा कि इससे जागरूकता बढ़ेगी और प्राकृतिक एवं पुनर्योजी कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि शिखर सम्मेलन का उद्देश्य आर्थिक रूप से व्यवहार्य और सामाजिक रूप से समावेशी कृषि को आगे बढ़ाने के लिए एक जन-संचालित आंदोलन को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर 300 स्टॉलों वाली एक प्रदर्शनी, प्रख्यात वैज्ञानिकों और नीति निर्माताओं द्वारा संवाद सत्र, लाइव प्रदर्शन और युवाओं व महिलाओं की भागीदारी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। भारतीय प्राकृतिक कृषि धान और परम्परागत कृषि विकास योजना जैसी राष्ट्रीय पहल आयोजन का मुख्य आकर्षण हैं।
