नई दिल्ली, ८ नवंबर : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज बनारस रेलवे स्टेशन से चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ियों को रवाना किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत रेलगाड़ियां भारतीय रेलवे की अगली पीढ़ी की नींव रख रही हैं। हर भारतीय को वंदे भारत ट्रेन पर गर्व है। यह ट्रेन भारतीयों के लिए, भारतीयों द्वारा और भारतीयों के लिए बनाई गई है।
उन्होंने कहा कि आज चार नई वंदे भारत रेलगाड़ियां – बनारस-खजुराहो, लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु – के शुभारंभ के साथ देश में चलने वाली वंदे भारत ट्रेनों की संख्या बढ़कर 160 से अधिक हो गई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया भर के विकसित देशों में बुनियादी ढांचे के विकास ने उनके आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज भारत भी विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के विकास ने पर्यटन के अधिक अवसर खोले हैं। बाबा विश्वनाथ धाम और अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के बाद मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के कारण उत्तर प्रदेश में समृद्धि के नए द्वार खुल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज काशी में बुनियादी ढाँचे का विकास भी तेज़ी से हो रहा है। यहाँ रोपवे का काम तेज़ी से चल रहा है। नए होटलों और अस्पतालों ने इसकी समृद्धि में चार चाँद लगा दिए हैं। श्री मोदी ने कहा कि महामना कैंसर अस्पताल और आँखों के लिए शंकर नेत्रालय अस्पताल मरीजों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं।
आज काशी पूरे क्षेत्र की स्वास्थ्य राजधानी बन गई है। प्रधानमंत्री ने काशी के स्कूली बच्चों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनमें अपार प्रतिभा है और वे अपनी चित्रकारी के माध्यम से एक समृद्ध और विकसित भारत की कल्पना को साकार कर रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव भी उपस्थित थे। बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस को काशी और पूर्वांचल के लोगों के लिए एक बड़ी सौगात माना जा रहा है। यह रेलगाड़ी वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट और खजुराहो जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को जोड़ेगी।
