पटना, 6 नवम्बर : बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के दौरान राज्य में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हुई। उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर हमले का आरोप लगा है। यह घटना गुरुवार दोपहर में लखीसराय जिले में घटी, जहां विजय सिन्हा खुद चुनावी मैदान में हैं।
सूत्रों के मुताबिक, जब विजय सिन्हा का काफिला एक मतदान केंद्र का दौरा करने जा रहा था, तभी अचानक कुछ उपद्रवी तत्वों ने उनके काफिले पर पत्थर फेंके। इस हमले में कई वाहनों के शीशे टूट गए, हालांकि उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद भाजपा ने सीधे तौर पर आरजेडी के कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव में हार का डर दिखा कर आरजेडी के लोग हिंसा की ओर बढ़े हैं। भाजपा के एक प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि यह हमला वोटों में अपनी हार से बचने के लिए आरजेडी द्वारा जानबूझकर किया गया है।
वहीं, आरजेडी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा जानबूझकर ऐसी अफवाहें फैला रही है ताकि वोटिंग के दिन सहानुभूति जुटाई जा सके। आरजेडी के प्रवक्ता ने कहा, “भाजपा का यह आरोप पूरी तरह से निराधार है।”
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। जिला प्रशासन के अनुसार, स्थिति अब नियंत्रण में है और शांति बनी हुई है।
