नई दिल्ली/रांची, 10 सितंबर: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, झारखंड एटीएस और रांची पुलिस की एक संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध ISIS आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक को दिल्ली से और दूसरे को रांची से दबोचा गया है। यह गिरफ्तारी देशभर में चल रहे एक बड़े ऑपरेशन का हिस्सा है, जिसके तहत 12 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की गई है और 8 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।
रांची से अशहर दानिश गिरफ्तार
रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र स्थित इस्लामनगर के तबारक लॉज से संदिग्ध आतंकी अशहर दानिश को गिरफ्तार किया गया है। दानिश मूल रूप से झारखंड के बोकारो जिले के पेटरवार का रहने वाला है और लंबे समय से दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल को उसकी तलाश थी। उसके खिलाफ दिल्ली में एक मामला दर्ज है। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी बरामद हुए हैं। पूछताछ के लिए दिल्ली पुलिस उसे रिमांड पर लेकर दिल्ली जाएगी।
दिल्ली से आफताब गिरफ्तार, मुंबई का रहने वाला
इस बीच, दिल्ली से भी इसी मॉड्यूल के एक अन्य संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी पहचान आफताब के रूप में हुई है। आफताब मुंबई का रहने वाला है। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल केंद्रीय एजेंसियों और झारखंड एटीएस के साथ समन्वय में यह कार्रवाई कर रही है।
पलामू से भी एक संदिग्ध हिरासत में
इस ऑपरेशन के तहत झारखंड के पलामू जिले में भी छापेमारी की गई, जहां से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। उससे भी गहन पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि यह मॉड्यूल देश में बड़े आतंकी हमलों की साजिश रच रहा था। सुरक्षा एजेंसियां अब इस नेटवर्क की गहराई का पता लगाने में जुटी हैं।
