टोक्यो, 30 जुलाई : रूस के कमचटका प्रायद्वीप में बुधवार तड़के आए 8.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के बाद जापान सहित पूरे प्रशांत महासागर क्षेत्र में सूनामी की तेज़ लहरें देखी गईं। जापान के तटों पर सूनामी लहरें टकराई हैं, जिससे लोगों में भारी दहशत का माहौल है।
अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र पेत्रोपावलोव्स्क-कमचात्स्की शहर से लगभग 119 किमी दक्षिण-पूर्व में था और इसका केंद्र पृथ्वी की सतह से मात्र 19.3 किमी गहराई पर स्थित था। इसकी वजह से समुद्र में ऊंचाई तक उठती लहरें उत्पन्न हुईं, जिनकी ऊंचाई रूस के तटीय इलाकों में 4 मीटर (करीब 13 फीट) तक रिकॉर्ड की गई।
कमचटका तट के पासवर्ती क्षेत्रों में प्रशासन ने लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। भूकंप के कारण कई मकानों, स्कूलों और सार्वजनिक भवनों को नुकसान पहुंचा है, हालांकि अभी तक किसी बड़ी जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के अनुसार, होक्काइडो के दक्षिणी तटवर्ती क्षेत्र टोकाची में 40 सेमी और नेमुरो में 30 सेमी ऊंची सूनामी लहरें रिकॉर्ड की गईं। एजेंसी ने होक्काइडो से लेकर वाकायामा तक फैले सैकड़ों किलोमीटर लंबे तटीय इलाकों में उच्च स्तरीय सूनामी चेतावनी जारी की है।
अलर्ट में आए क्षेत्र उत्तर जापान होक्काइडो (टोकाची, नेमुरो), मुख्य द्वीप होन्शु का पूर्वी व दक्षिणी क्षेत्र, वाकायामा तट, कुछ रिपोर्ट्स में टोक्यो का तटीय क्षेत्र भी संभावित खतरे में बताया गया है। प्रभावित तटीय शहरों व गांवों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभियान चलाया गया है।
अलास्का, हवाई, चिली, सोलोमन द्वीप समूह और न्यूज़ीलैंड जैसे प्रशांत क्षेत्र के कई देशों में भी हाई अलर्ट जारी किया गया है। हवाई के होनोलुलु शहर में सूनामी चेतावनी सायरन बजाए गए और प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों व पर्यटकों से ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की है।
पेसिफिक सूनामी वॉर्निंग सेंटर ने कहा, जीवन और संपत्ति की रक्षा के लिए तत्काल कार्रवाई आवश्यक है। पहली लहर स्थानीय समयानुसार शाम 7:10 बजे टकराने की संभावना है। रूस के कुरील द्वीपों के मुख्य शहर सवेरो-कुरील्स्क में पहली सूनामी लहर टकराई है। स्थानीय गवर्नर के अनुसार, पहले से ही लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया था।
यह भूकंप हाल के दशकों में आए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक माना जा रहा है। जापान के होक्काइडो से लेकर दक्षिण वाकायामा तक फैले प्रशांत तट पर पूरी सतर्कता जारी है और कुछ क्षेत्रों में सूनामी लहरों का सीधा असर देखा गया है। आपातकालीन सेवाएं मुस्तैदी से जुटी हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
