अमरीका में ट्रंप प्रशासन के आव्रजन छापों से उपजी अशांति के बाद, कैलिफोर्निया के लॉस एंजिल्स के कई इलाकों में मंगलवार से सीमित कर्फ्यू लागू हो गया है।
मेयर करेन बास ने कहा कि छापों के बाद शहर में हिंसा, आगजनी और लूटपाट बढ़ गई थी। उन्होंने कहा कि कर्फ्यू रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक लागू रहेगा और कई दिनों तक जारी रह सकता है। हालांकि, मेयर बास ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में रहने वाले और काम करने वाले लोगों को इससे छूट दी जाएगी।
नकाबपोश लुटेरों ने कई व्यवसायों को निशाना बनाया है। ऑनलाइन प्रसारित होने वाले वीडियो में बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ दिखाई दे रही है, जिसमें अलमारियाँ खाली हैं और दुकानों के शीशे टूटे हुए हैं। अराजकता बढ़ने पर गिरफ्तारियां की गई। अशांति के कारण लॉस एंजिल्स पुलिस विभाग पर बहुत ज़्यादा दबाव था।
