केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि देशभर में विकसित कृषि संकल्प अभियान शुरू किया जाएगा। यह अभियान इस महीने की 29 तारीख से शुरू होगा और 12 जून तक चलेगा। इस अभियान का उद्देश्य किसानों को कृषि संबंधी उन्नत तकनीकों और बीजों के बारे में जानकारी प्रदान कराना है। नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में श्री सिंह ने कहा देशभर के 723 जिलों में यह अभियान चलाया जाएगा और इससे लगभग डेढ़ करोड़ किसान लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि कृषि वैज्ञानिकों का एक दल लगभग 65 हजार गांव में जाएगा और किसानों को वैज्ञानिक कृषि की व्यावहारिक जानकारी देगा। जिला स्तर पर प्रत्येक दल प्रतिदिन तीन बैठकें करेगा।
श्री चौहान ने कहा कि कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था का आधार है और देश की लगभग आधी आबादी आजीविका के लिए कृषि पर निर्भर है तथा कृषि क्षेत्र देश की खाद्य सुरक्षा की नींव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत जैसा महत्वपूर्ण और परिवर्तनकारी अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत विकसित कृषि, विकसित खेती और समृद्ध किसान जैसी संकल्पनाओं को पूरा करने पर ध्यान दिया जा रहा है। श्री सिंह ने कहा कि वर्ष 2023-24 में देशभर में कुल खाद्यान्न उत्पादन लगभग 1557 लाख टन था जो वर्ष 2024-25 में बढ़कर 1664 लाख टन हो गया। उन्होंने कहा कि देश के खाद्यान्न उत्पादन में लगातार वृद्धि हो रही है।
