दक्षिण-पश्चिम मानसून, बंगाल की दक्षिणी खाड़ी, दक्षिणी अंडमान सागर, निकोबार द्वीप समूह और उत्तरी अंडमान सागर के कुछ हिस्सों की ओर बढ़ गया है। निकोबार द्वीप में पिछले 24 घंटे में मध्यम से तेज बारिश हुई है। पिछले दो दिन भी ऐसी ही बारिश हुई थी।
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले तीन-चार दिन तक मानसून के और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। यह दक्षिण अरब सागर, मालदीव, कोमोरिन के और अधिक क्षेत्रों, अंडमान-निकोबार द्वीप के शेष हिस्सों और बंगाल की खाड़ी के मध्य भाग के कुछ हिस्सों तक पहुंच जाएगा।
विभाग ने आज मेघालय में तेज से अत्यधिक तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, असम, त्रिपुरा, भीतरी कर्नाटक, केरल, माहे, रायल सीमा, पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्र और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर तेज बारिश की आशंका व्यक्त की है।
विभाग के अनुसार कोंकण और गोवा में कल तक और मध्य महाराष्ट्र तथा मराठवाड़ा में तीन दिन तक बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
पश्चिम बंगाल के गांगेय और उप-हिमालयी क्षेत्रों में तथा झारखंड में अगले दो दिन में अलग-अलग स्थानों पर लू चलने की संभावना है।
