म्यांमार-थाईलैंड में शक्तिशाली भूकंप के बाद आज सुबह तक मरने वालों की संख्या बढ़कर एक हजार हुई

म्यांमार में भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर एक हजार हो गई है। कल आए शक्तिशाली भूकंप को रिक्टर स्केल पर 7.7 मापा गया है। देश की सैन्य नेतृत्व वाली सरकार ने एक बयान में कहा कि अब तक एक हजार दो लोग मृत पाए गए हैं और 2 हजार 376 लोग घायल हैं, जबकि 30 लापता हैं। अधिकांश मौतें म्यांमार के दूसरे सबसे बड़े शहर और भूकंप के केंद्र के सबसे निकटवर्ती शहर मांडले में हुई हैं।

भूकंप से थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में छह लोगों की मृत्‍यु हुई, 26 घायल हुए और 47 अभी भी लापता हैं। दुनिया भर के कई देश सहायता भेज रहे हैं। भारत ने एक खोज और बचाव दल, एक चिकित्सा दल सहित राहत सामग्री भेजी है। भूकंप प्रभावित म्यांमार के लिए भारत के राहत अभियान ऑपरेशन ब्रह्मा के तहत तत्काल मानवीय सहायता की 15 टन की पहली खेप आज यांगून पहुँची। रूस के आपातकालीन मंत्रालय ने 120 बचावकर्मी और सामग्री के साथ दो विमान भेजे हैं।

चीन के युन्नान प्रांत से 37 सदस्यों का एक दल भूकंप डिटेक्टर, ड्रोन और अन्य सामान लेकर आज सुबह यंगून शहर पहुंचा। मलेशिया के विदेश मंत्रालय ने बताया कि कल 50 लोगों का एक दल भेजा जाएगा जो सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर सहायता प्रदान करेगा। संयुक्त राष्ट्र ने भी राहत कार्य शुरू करने के लिए 50 लाख डॉलर आवंटित किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *