विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और संयुक्त राष्ट्र महासचिव की विशेष दूत जूली बिशप ने कल नई दिल्ली में म्यांमां की तेजी से बदलती स्थिति पर चर्चा की। बिशप फिलहाल भारत की यात्रा पर है। पिछले वर्ष अप्रैल में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतेरस ने बिशप को म्यांमां के बारे में अपना विशेष दूत नियुक्त किया था। म्यांमां में एक फरवरी 2021 को सेना द्वारा तख्ता पलटे जाने के बाद से लोकतंत्र बहाल करने की मांग को लेकर हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रतिरोधी ताकतों ने भारत, चीन और बांग्लादेश से लगे सीमावर्ती क्षेत्रों में कई प्रमुख व्यापारिक बिंदुओं पर पहले ही कब्जा कर लिया है। म्यांमां भारत के रणनीतिक पडोसियों में से एक है और कई पूर्वोत्तर राज्यों के साथ इसकी एक हजार छह सौ 40 किलोमीटर लंबी सीमा है।
2025-03-26