केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने देश के सभी जिलों में सघन तपेदिक रोग उन्मूलन अभियान चलाने की घोषणा की   

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने देश के सभी जिलों में सघन तपेदिक रोग उन्मूलन अभियान चलाने की घोषणा की है। इससे पहले यह अभियान चयनित उच्च प्राथमिकता वाले 455 जिलों में लागू था। नई दिल्ली में कल विश्व तपेदिक दिवस 2025 शिखर सम्मेलन में श्री नड्डा ने कहा कि एक सौ दिन के तपेदिक मुक्त भारत अभियान के दौरान लगभग 13 करोड़ लोगों की जांच की गई और इस बीमारी से पीड़‍ित सात लाख से अधिक नए रोगियों का पता चला।

    श्री नड्डा ने कहा कि भारत में तपेदिक रोग से उपचार का दायरा 59 प्रतिशत से बढ़कर 85% हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार इस वर्ष के अंत तक देश से तपेदिक को खत्म करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि देश में तपेदिक का पता लगाने वाली आणविक निदान मशीनों की संख्या 2015 में 121 थी जो अब बढ़कर अब आठ हजार 540 हो गई है।

    स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि तपेदिक की वैश्विक औसत गिरावट दर 8.3% है, जबकि भारत में इसमें कमी की दर 17.7% यानी दोगुनी से भी अधिक है। श्री नड्डा ने कहा कि आज पूरी दुनिया तपेदिक उन्मूलन में भारत के मॉडल का अनुकरण कर रही है।

    हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री तपेदिक मुक्त भारत अभियान के तहत इसके एक करोड़ 51 लाख से अधिक रोगियों का उपचार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *